बाराबंकी में शनिवार को प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बुढ़वल-सीतापुर रेल प्रखंड पर दोनों के शव मिले। प्रेमी युगल के हाथ दुपट्टे से बंधे थे। वहीं, युवती के माथे पर सिंदूर लगा था। शवों को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाराबंकी जिला के थाना बडडूपुर क्षेत्र के नेरी निवासी वीरेंद्र कुमार(22) क्षेत्र के ही गेंदपुरवा में टेंट हाउस पर काम करता था। टेंट हाउस के सामने ही रहने वाली युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिवार वालों को इस मामले की भनक लगी तो विरोध शुरू हुआ लेकिन दोनों में मिलना-जुलना छिप-छिपकर जारी रहा।
बताते हैं कि बीते 23 मई को रंजना घर से लापता हो गई थी। इस मामले में रंजना के चचेरे भाई ने भखौली थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार वाले और पुलिस युवती की तलाश कर रही थी लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला।
इसी बीच शनिवार सुबह बुढ़वल-सीतापुर रेल प्रखंड पर गुडा गोपालपुर हाल्ट पुल के पास युवती और उसके प्रेमी वीरेंद्र के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बाराबंकी-सीतापुर सीमा विवाद के चलते थोड़ी देर बाद जब पुलिस पहुंची तो दोनों की शिनाख्त हुई। युवती नवविवाहिता लग रही थी। उसने माथे पर सिंदूर लगा रख था जबकि पैर में बिछुआ पहन रखी थी। आसपास के लोग ये अनुमान लगा रहे हैं कि दोनों ने पहले शादी की फिर साथ में ही जान दे दी।