हेलमेट पहने बाइक सवार ने महिला की बाली लूटी, पीड़िता से पुलिस बोली रसीद दिखाओ
तालकटोरा थाना क्षेत्र के राजाजीपुरम बी ब्लॉक में बाइक सवार बदमाश ने बुटीक से घर लौट रही रंजना बाजपेयी के कान की बाली लूट ली।
रंजना ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश भाग निकला। उन्होंने फोन कर अपने पति व पत्रकार संतोष बाजपेयी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
हालांकि, पुलिस लुटेरे को तलाशने के बजाए पीड़िता को ही सुरक्षा का पाठ पढ़ाने लगी। पुलिस ने बाले की रसीद दिखाने को भी कहा। देर रात अधिकारियों की जानकारी के बाद तालकटोरा थाने में केस दर्ज किया गया।
संतोष बाजपेयी राजाजीपुरम के बी ब्लाक में रहते हैं। देर शाम पत्नी रंजना घर के पास ही स्थित सहेली रत्ना त्रिवेदी के बुटीक गई थीं।
रात करीब नौ बजे दोनों एक साथ ही पैदल लौट रही थीं तभी बी ब्लाक ट्यूबवेल पार्क के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर रंजना के कान की बाला छीन ली।
रंजना ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जेवर न पहनने व रात को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी। यही नहीं, उन्होंने रंजना से बाले की रसीद तक दिखाने को कह डाला।
संतोष एफआईआर दर्ज कराने थाना पहुंचे तो पुलिस ने बहलाने की कोशिश की। बाद में दबाव पड़ने पर केस दर्ज किया गया। संतोष ने बताया कि बदमाश हेलमेट पहने था।
रंजना उसकी गाड़ी का नंबर नहीं देख सकी हैं। उन्होंने लुटेरे की पहचान के लिए पुलिस से आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाने की मांग की है।