लेखपाल की तहरीर पर गौरीगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी है। एसएचओ पीके पांडेय ने केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। पिछले दिनों जिला प्रशासन से जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 20 एकड़ निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया था।
शासन के निर्देश पर भूमि तलाश में जुटे अफसर गौरीगंज तहसील के गांव रोहसी बुजुर्ग में बुधवार को एक स्थान पर 18 एकड़ खाली पड़ी सरकारी भूमि चिन्हित की थी। इसके बाद से ही वहां के कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। विरोध को देखते हुए शुक्रवार को चिन्हित भूमि की हदबंदी कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम अमित कुमार राजस्व कर्मियों की टीम के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल लेकर मौके पर गए थे।
फोर्स में मौजूदगी में देर शाम तक चिन्हित भूमि की हदबंदी की गई। सूत्रों की मानें तो हमला करने वालों को लेखपाल के पास मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव संबंधी महत्वपूर्ण अभिलेख होने की आशंका थी। प्रस्ताव को गायब करने के लिए ही लेखपाल पर हमला किया गया और उनके बैग में मौजूद समस्त अभिलेख छीन लिए गए।
शुक्रवार रात घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा राजस्व प्रशासन भी सक्रिय हो गया था। सूचना मिलते ही एसडीएम गौरीगंज अमित कुमार न सिर्फ मौके पर पहुंचे बल्कि थाने में मौजूद रहकर प्राथमिकी दर्ज कराई। एसडीएम ने कहा कि घटना करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।