लखनऊ। गुडंबा इलाके में शुक्रवार शाम चार बदमाशों ने अंजनी ज्वैलर्स की दुकान में लूट की कोशिश की। इस दौरान बगल की दुकान के मालिक पीयूष अग्रवाल मदद को आए तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। वारदात से मौके पर अफरातफरी मच जाने से बाइक व स्कूटी से आए बदमाश फरार हो गए। दुस्साहसी बदमाशों ने छुइया पुरवा पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर लूट की कोशिश की। गोली लगने से घायल कारोबारी पीयूष को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
गुडंबा इलाके की छुइया पुरवा चौकी से कुछ दूरी पर अंजली ज्वैलर्स की दुकान है। शुक्रवार शाम दुकान पर अनुराग अवस्थी अकेले मौजूद थे। इसी दौरान चार बदमाश एक काला बैग लेकर दुकान में घुसे और अनुराग को बंधक बना लिया। उन्होंने शोर मचाया तो आवाज सुनकर बगल की किराना दुकान में मौजूद पीयूष अग्रवाल मदद के लिए दौड़े। बदमाशों के पास असलहा उन्होंने एक बदमाश को पीछे से दबोच लिया। साथी को घिरता देख बाहर खड़े बदमाश ने फायर कर दिया। इससे पीयूष घायल होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद बदमाश अपने साथ लाया बैग वहीं छोड़कर भाग निकले। यह सारी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बाइक व स्कूटी से आए थे बदमाश
वारदात की सूचना पर पहुंचे जेसीपी अपराध नीलाब्जा चौधरी के मुताबिक बदमाश की संख्या में थे और बाइक व स्कूटी से आए थे। इसमें दो बदमाश दुकान के अंदर घुसे थे। जबकि दो बाहर निगरानी में खड़े थे। इसी दौरान अनुराग के चिल्लाने की आवाज सुनकर किराना व्यापारी पीयूष आए तो उन्हें गोली मारकर बदमाश भाग निकले। बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज से तलाश की जा रही है। बदमाश किस ओर भागे है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पूरी तैयारी से आए थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। दुकान के बारे में पूरी जानकारी हासिल की थी। इस वक्त कौन दुकान में रहता है। इसकी जानकारी बदमाशों को थी। शुक्रवार की रात आठ बजे से नाइट कर्फ्यू के चलते शाम से ही इलाके में सन्नाटा फैल गया था। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने धावा बोला।