संवाद न्यूज एजेंसी
जगतपुर (रायबरेली)। खाद के लिए किसानों की भीड़ बुधवार सुबह से साधन सहकारी समिति गोकुलपुर के बाहर उमड़ पड़ी। यह देख सचिव के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन एसडीएम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने किसानों की भीड़ को नियंत्रित किया। महिला और पुरुष किसानों की अलग-अलग लाइन लगवाई गई। पूरे दिन में 300 किसानों को खाद वितरित की गई।
बुधवार को कोहरे के बीच किसानों की भीड़ सुबह सात बजे से समिति के बाहर लगना शुरू हो गई। किसान अपना जरूरी काम छोड़कर खाद के लिए लाइन में लग गए। वहीं, महिलाएं भी चूल्हा-चौका छोड़कर खाद के लिए लाइन में लगीं। देखते ही देखते 100 मीटर लंबी लाइन लग गई। सुबह 10 बजे समिति का ताला खुलना था, लेकिन मौके पर मौजूद सचिव माता प्रसाद भीड़ को देख समिति का ताला खोलने की हिम्मत न कर सके। मामले की सूचना एसडीएम को दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तब जाकर सुबह 10:40 बजे समिति का ताला खोला गया।
इस दौरान किसानों की भीड़ समय पर समिति का ताला न खुलने पर आक्रोशित नजर आई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सभी को शांत कराया। इसके बाद खाद वितरण शुरू हुआ। किसान लकी सिंह, भगवान, अर्जुन, सत्येंद्र, रंजीत, अनुज, कल्लू, अजय, मुन्ना आदि का कहना है कि इस बार खाद की किल्लत किसानों के लिए परेशानी का सबब बनकर आई है। इस कारण आलू की फसल सबसे अधिक प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि अगर खाद समय से ना मिली तो गेहूं की फसल की पैदावार कम हो जाएगी।
वहीं, समिति में शाम तक 350 किसानों को खाद वितरित की गई। इसके पूर्व मंगलवार को भी 150 किसानों को खाद वितरित की गई थी। समिति में 500 बोरी खाद आई थी। दो दिनों तक खाद वितरण के बाद अब नई रैक आने के बाद वितरण किया जाएगा। एडीओ कोऑपरेटिव रमेश चौधरी ने बताया कि भारी भीड़ होने के कारण पुलिस की सहायता लेकर खाद वितरण कराया गया। लगातार दो दिनों से खाद का वितरण किया जा रहा था।