युवाओं से अमर उजाला की टीम ने बात की।
- फोटो : amar ujala
लोकसभा चुनाव 2024 में जनता की आने वाली सरकार से क्या उम्मीदें हैं और जनता क्या चाहती है जानने के लिए अमर उजाला की टीम सत्ता का संग्राम अभियान के तहत ग्राउंड जीरो पर है और अलग-अलग जिलों का दौरा कर रही है।
इस कड़ी में मंगलवार को हमारी टीम बाराबंकी पहुंची। जहां युवाओं से चर्चा की और जानने का प्रयास किया कि युवा क्या चाहता है। एक युवा कुलदीप कुमार का कहना है कि हमारे लिए इस चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा है। युवाओं को क्वालिटी एजुकेशन देने पर फोकस किया जाए। प्रदेश में कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए और यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि शिक्षा इतनी भी महंगी न हो कि लोगों की पहुंच से दूर हो जाए।
राहुल मिश्रा का कहना है कि इस चुनाव में विकास प्राथमिक मुद्दा है। सरकार को इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने पर जोर देना चाहिए और साथ ही स्टार्टअप को बढ़ावा देना चाहिए जिससे की रोजगार के अवसर बढ़ें और नौकरियां मिल सकें। उन्होंने कहा कि विकास करने के लिए जितना धन आवंटित किया जाता है उसकी भी जानकारी दी जानी चाहिए जिससे कि भ्रष्टाचार कम हो सके और सिस्टम में पारदर्शिता आ सके।
एक युवा ने यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा में हुए पेपर लीक का मुद्दा उठाया और कहा कि बेरोजगारी इतनी ज्यादा है इसके बावजूद और नौकरियां नहीं दी जा रही हैं और जब भर्ती आती है तो पेपर लीक हो जाता है। सरकार को युवाओं के लिए अवसरों का निर्माण करना चाहिए। केंद्र में भाजपा की सत्ता आने से पहले वादा किया गया था कि हर साल दो करोड़ नौकरियां दी जाएंगी लेकिन नहीं दी गईं है। भर्ती समय से की जाएं और पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए।
पेशे से शिक्षक एक युवा अभय ने कहा कि खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जाना चाहिए जिससे कि युवाओं को नौकरियां मिल सकें। जो पार्टी नौकरी देने के वादे पर खरा उतरेगी उसे ही युवाओं को वोट करना चाहिए साथ ही सामान्य वर्ग से आने वाले युवाओं के लिए नौकरियों में उम्र को लेकर राहत दी जानी चाहिए।