चुनाव आयोग का दावा है कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं में वोटिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। शहरी क्षेत्रों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में वोटरों में ज्यादा उत्साह नजर आया। प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह से वोटरों से संपर्क करके उन्हें मतदान के लिए निकालने में जुटे थे।
प्रमुख दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में ज्यादा से ज्यादा वोट डलवाने की होड़ लगी रही। गर्मी की वजह से दोपहर में मतदान कुछ धीमा रहा लेकिन शाम को इसमें फिर तेजी आई। शाम छह बजे मतदान का समय समाप्त होने तक बहुत से मतदान केंद्रों पर वोटरों की कतारें लगी थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि दूसरे चरण में मतदान शुरू होने के बाद 66 ईवीएम व 225 वीवीपैट खराब होने की शिकायतें मिलीं जिन्हें बदलकर मतदान कराया गया। मॉक पोल के दौरान 114 ईवीएम व 246 वीवीपैट बदली गई।
गीना : 62.10 प्रतिशत
अमरोहा : 68.77 प्रतिशत
बुलंदशहर : 62.14 प्रतिशत
अलीगढ़ : 62.80 प्रतिशत
हाथरस : 61.25 प्रतिशत
मथुरा : 60.56 प्रतिशत
आगरा : 59.60 प्रतिशत
फतेहपुर सीकरी : 61.16 प्रतिशत