पीएम किसान सम्मान निधि पर कहा, 23 मई को परिणाम आने के बाद पांच एकड़ खेती की जमीन होने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया जाएगा। बाराबंकी की सभा में उन्होंने पार्टी उम्मीदवार उपेन्द्र रावत, मोहनलालगंज सीट के उम्मीदवार कौशल किशोर और रायबरेली सीट के प्रत्याशी दिनेश सिंह के लिए वोट मांगे।
आतंक पर खतरा टला है मिटा नहीं
प्रधानमंत्री ने जनता का आह्वान किया कि उनकी पांच साल की सरकार की नीतियों और कड़े फैसलों से आतंकियों के हौसले पस्त हुए हैं। आतंकी घटनाओं में कमी आई है। पर, आतंक का खतरा अभी टला है, पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। भ्रष्टाचार, आतंक, घोटालों और गरीबों का हक मारने वालों के खिलाफ जिस तरह कार्रवाई की, उससे ये घबरा गए और अब एक होकर मोदी को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। पर, जनता ने एक बार फिर मोदी सरकार का संकल्प ले लिया है। कहा कि इनमें किसी ने कभी राष्ट्र की सुरक्षा को लेकर कोई काम नहीं किया।
माया, अखिलेश और कांग्रेस पर जमकर हमले
मोदी ने मायावती पर हमला बोलते हुए कहा, ये जिन महापुरुषों के नाम पर वोट मांगती हैं उन्हीं के नाम पर घोटाले करने में संकोच नहीं करतीं। स्मारक घोटाला इसका उदाहरण है। कहां-कहां घोटाला नहीं किया? एनआरएचएम घोटाला किया। बिजली घोटाला किया। चीनी मिल बेचने में घोटाला किया। बिजली घोटाला तो ऐसा हुआ कि पहले बसपा नेताओं ने माल कमाया और फिर सपा नेताओं ने भी।
पीएम ने कहा, माया ही नहीं उनके साथ गठबंधन करने वाले बबुआ तो ऐसा समाजवाद लाए कि ईंट, मौरंग और गिट्टी ही नहीं टोंटी तक हजम कर गए। चोरी कर खाने की नीति इनकी नीयत में कूट-कूटकर भरी है। कांग्रेस इन सबकी मास्टर है।
कांग्रेस से भ्रष्टाचार छूट ही नहीं सकता
कांग्रेस के पंजे के मजबूत शिकंजे से भ्रष्टाचार छूट ही नहीं सकता। कहा कि सपा हो बसपा हो या कांग्रेस 2014 में इनको अंदाजा नहीं था कि जनता इस चौकीदार को इनके सिर पर बैठा देगी। इन्होंने अपना एक ही एजेंडा बना लिया कि मोदी को रास्ते से हटाओ।
इस तरह भी किया हमला
मोदी ने कहा कि बेनामी संपत्ति कानून जो 28 वर्ष से अटका हुआ था। उसे उनकी सरकार ने लागू किया। उन्होंने लोगों से पूछा, ‘इस कानून के चलते जिसका लाखों का बंगला, गाड़ी, जमीन जब्त होगी। वह मुझे छोड़ेगा क्या?’ लोगों ने जवाब दिया, ‘नहीं।’ मोदी ने आगे पूछा, ‘मुझे हटाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा या नहीं?’ लोगों ने कहा, ‘हां।’ मोदी ने कहा, हम गरीबों के साथ खड़े हैं। अन्याय के खिलाफ खड़े हैं। डरने वाले नहीं हैं। पान की गुमटी जितनी जगह में सौ-सौ कंपनियां चलाते थे। यह कंपनियां काले धन की मशीन थी। मोदी ने इस काले धन की टंकी की टोटी ही सील कर दी। इसलिए ये लोग मोदी हटाओ अभियान में जुटे हैं।
गिनाए काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं थी तो देश की बड़ी आबादी के पास न तो सुविधाजनक पक्के घर थे और घरों में बिजली। गैस, शौचालय व बैंक खाते तक नहीं थे। बैंकों से कर्ज लेना मुश्किल था। सरकार ने 34 हजार करोड़ से अधिक जन धन खाते खुलवाकर मुद्रा योजना के तहत गरीबों को रोजगार के लिए तिजोरी खोल दी गई है। दिव्यांगों के लिए आरक्षण में वृद्धि की गई। दफ्तरों में उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा भी थे।