दो माह में तीसरी बार अमेठी पहुंचे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जगदीशपुर में आयोजित जनसभा में गांधी परिवार पर हमला बोला। योगी ने कहा, झूठ बोलना गांधी परिवार के डीएनए में है।
योगी ने कहा, जब मोदी सरकार आती है तो देश का एक शाही परिवार कहता है कि ईवीएम में गड़बड़ी है। राहुल गांधी दोहरा चरित्र दिखाना बंद करें। वह इटली के साथ भारत के लोगों को भी गुमराह कर रहे हैं। पहले लगता था कि कांग्रेस का यह सांसद ही झूठ बोलता था, लेकिन यह तो इनके डीएनए में है। बहन भी झूठ बोलने लगी है। इन लोगों ने सम्राट साइकिल के नाम पर गरीब किसानों की जमीन हड़प ली। योगी ने बहराइच में कहा कि पहले आतंकियों को बिरयानी खिलाई जाती थी, अब उनको बुलेट खिलाई जा रही है।
जो उड़ते थे वह परचून की दुकान पर बैठ रहे हैं : स्मृति
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि अमेठी में कांग्रेस की हालत खस्ता हो गई है। स्मृति ने दुर्गापुर में एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस की हालत अमेठी में इतनी खस्ता हो गई है कि उसके कार्यकर्ताओं ने ही उसका साथ छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, हिमाचल, हरियाणा और जम्मू कश्मीर से कार्यकर्ता बुलाने पड़े हैं। मुझे जानकारी है कि यहां पर बाहर से आए कांग्रेस कार्यकर्ता काली-काली गाड़ियों में घूम रहे हैं। स्मृति ने कहा, जो लोग हेलिकाॅप्टर से उड़ते थे, उन्हें परचून की दुकान पर बैठना पड़ रहा है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को भाई राहुल गांधी को हिंदुस्तानी न होने की बात कहने वालों को जवाब देते हुए कहा कि हमें किसी के सुबूत की जरूरत नहीं है। अमेठी की जनता हमारे लिए सबसे बड़ा सुबूत है।
उन्होंने कहा आज-कल नकारात्मक और दुष्प्रचार की राजनीति चल रही है। अमेठी के तिलोई में नुक्कड़ सभा में प्रियंका ने कहा कि भाजपा यह क्यों नहीं बताती कि अमेठी के विकास के लिए क्या किया। विज्ञापन में राहुल की फोटो देखकर यहां के प्रोजेक्ट रोक दिए गए। पेपर मिल, फूड पार्क, ट्रिपल आईटी, रेलनीर सहित तमाम योजनाओं को हटा दिया। अमेठी में जो नजर आ रहा है, वह कांग्रेस ने ही करवाया।