बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी के संगठन से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों की 14 मार्च को बैठक बुलाई है। अटकलें हैं कि इस बैठक के बाद पार्टी कभी भी लोकसभा प्रत्याशियों का एलान कर सकती है।
बसपा अध्यक्ष ने पिछले दिनों संगठन का पुनर्गठन करने के बाद मंडल व जिले स्तर पर बैठकों का निर्देश दिया था। जिला स्तर पर सपा-बसपा की साझा बैठकें जारी हैं। ये बैठकें 18 मार्च तक प्रस्तावित हैं।
मंगलवार को यूपी छोड़ अन्य राज्यों की चुनावी रणनीति तय करने के लिए बैठक हुई थी। इसमें यूपी के लोगों को नहीं बुलाया गया था। अब यूपी के लिए 14 मार्च को मंडल जोन इंचार्जों के साथ जिम्मेदार नेताओं की बैठक बुला ली गई है।
यह बैठक पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर होगी। पार्टी ने गठबंधन में मिली 38 सीटों में से ज्यादातर पर प्रभारियों का एलान कर दिया है। बाकी की भी जल्दी ही घोषणा की तैयारी है।