लोकसभा चुनाव 2019 का बिगुल बज गया है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों के लिए चुनाव तारीखों का एलान कर दिया है। इसके साथ ही आचार संहिता लागू कर दी गई है। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार करीब 90 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसके लिए करीब 10 लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इस बार वोटिंग मशीन में वीवीपैट भी लगाई गई है और उम्मीदवारों की तस्वीर भी नजर आएगी।
चुनाव का पहला चरण 11 अप्रैल को, दूसरा चरण 18 अप्रैल को, तीसरा चरण 23 अप्रैल को, चौथा चरण 29 अप्रैल को, पांचवा चरण 6 मई, छठा चरण 12 मई को व सातवां चरण 19 मई को होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश में मतदान सात चरणों में होगा।
इस बीच चुनाव आयोग ने मतदाताओं की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए कई सहूलियत देने का प्रबंध किया है। इस बार चुनाव के दौरान अपना मतदान केंद्र खोजने के लिए वोटरों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए आयोग हर केंद्र को जीपीएस सिस्टम से जोड़ेगा। इससे स्मार्ट फोन पर आयोग के गूगल बेस सॉफ्टवेयर एप पर वोटर को अपने मतदान केंद्र की स्थिति और वहां तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी मिल जाएगी। इसके अलावा 1950 नंबर डायल कर वोटर लिस्ट संबंधित जानकारी ले सकेंगे।
मतदान दिवस से पहले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के 1451 मतदान केंद्रों को ऑनलाइन मैपिंग के साथ जोड़ा जाएगा। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन एसपी गुप्ता ने दी।उन्होंने बताया कि जिले की दोनों संसदीय सीट में आने वाले सभी नौ विस क्षेत्रों के 1451 मतदान केंद्रों के साथ पोलिंग बूथों का ऑनलाइन मैप तैयार कर आयोग के सॉफ्टवेयर एप में उपलब्ध कराया गया है। इसके तहत एक ही परिवार से जुड़े वोटरों को एक ही पोलिंग सेंटर व बूथ से जोड़े जाने के लिए कोटिलेशन सूची भी तैयार कराई गई है। इससे मतदाता घर बैठे आसानी से पोलिंग बूथ की स्थिति का भी पता लगा सकेगा।
सुरक्षा की दृष्टि से 45 जोन चिह्नित
चुनाव में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने पुलिस के साथ जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों को 222 सेक्टर व 45 जोन में चिह्नित किया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से 212 अतिसंवेदनशील व 217 संवेदनशील बूथ चिह्नित हुए हैं। बीकेटी में 60 अतिसंवेदनशील व 60 संवदेनशील, सदर में 120 अंतिसंवेदनशील व 120 संवेदनशील, लखनऊ पश्चिम में 24 अतिसंवेदनशील व 24 संवेदनशील, लखनऊ पूर्व में 8 अंतिसंवेदनशील व 13 संवदेनशील बूथ हैं।