विजन डॉक्यूमेंट में कहा गया है कि सरकार में आने पर हम हर गांव में एक खेल का मैदान और प्रत्येक जिले में खेल सुविधाएं दिलाएंगे। सभी तरह की ग्रामीण अवस्थापना को सशक्त करेंगे। सैन्य कर्मियों की पत्नियों और उनके परिवारों के लिए राज्य आधारित लोक कल्याण योजना की शुरुआत करेंगे।
आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने के लिए नैटग्रिड और मेटाडाटा इंटेलीजेंस ग्रिड को पुन: शुरू किया जाएगा। विदेश नीति चीन और पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों से मजबूती और दमदारी के साथ बात करने की होगी।
अखिलेश ने कहा कि यह विजन डॉक्यूमेंट सिर्फ सपा का है। उनसे पूछा गया था कि क्या यह डॉक्यूमेंट सपा-बसपा-रालोद गठबंधन का संयुक्त विजन है। इसे घोषणापत्र नाम क्यों नहीं दिया गया है?
अखिलेश ने कहा कि फिर आप पूछेंगे कि केंद्र में हमारी (सपा की) सरकार तो बनने नहीं जा रही है, फिर घोषणापत्र कैसे दे रहे हैं। इसलिए हमने इसे विजन डॉक्यूमेंट नाम दिया है। हालांकि, इसमें अनेक स्थानों पर कहा गया है कि हमारी सरकार बनने पर अमुक...अमुक काम करेंगे।