फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवध की सियासत: दबंगों, दलबदलुओं के बीच नई पौध... दिग्गजों के साथ युवाओं पर निगाहें; ऐसे समझिए 14 सीटों का गणित

Mon, 25 Mar 2024 09:33 AM IST
शाहरुख खान महेंद्र तिवारी, अमर उजाला, लखनऊ

सार

अवध की सियासत में दबंगों, दलबदलुओं के बीच नई पौध उभरी है। दिग्गजों के साथ युवाओं पर निगाहें रहेंगी। दिग्गजों में राजनाथ, स्मृति ईरानी, कौशल किशोर और युवाओं में साकेत, श्रेया, तनुज पर निगाहें रहेंगी।
 
विज्ञापन
Lok Sabha Election 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

होली दस्तक दे रही है। होरियारी खुमारी में चुनावी शहनाई भी बज गई है। चुनावी पिचकारी की बौछारों से अवध के आंगन में सतरंगी नजारे हैं। यहां सियाराम की जय जयकार है, तो लोकतंत्र के उत्सव में चल रही शह-मात की बयार है।
विज्ञापन


सुल्तानपुर में मां मेनका गांधी के टिकट पर बेटा वरुण गांधी पर मगजमारी, तो कैसरगंज में  ब्रजभूषण शरण सिंह की सीट पर कई विधायकों की दावेदारी है। यहां दबंग हैं। दलबदलू हैं। परिवारवादी हैं, तो सियासत के मास्टर राजनाथ सिंह और स्मृति जूबिन इरानी भी हैं। 

परिवारवाद के उलाहने हैं, अमृत महोत्सव की खुमारी है, लेकिन कौशल किशोर (पत्नी विधायक) और रितेश पांडेय (पिता विधायक) कई बड़ों पर पड़े भारी हैं। एक दल में होने के बावजूद कीर्तिवर्धन सिंह और ब्रजभूषण शरण सिंह के बीच दिल न मिलने की चर्चा जुबान-जुबान पर तारी है, तो श्रावस्ती से साकेत मिश्र (भाजपा), गोंडा से श्रेया वर्मा (सपा) और बाराबंकी से तनुज पुनिया (कांग्रेस) अवध की सियासत की होनहार तैयारी हैं।
विज्ञापन


बाराबंकी में उपेंद्र सिंह रावत से जुड़े अश्लील वीडियो का शोर है, तो वीडियो वायरल कराने के शक में होशियार दावेदार पर उल्टा पड़ा रौब है। रायबरेली, कैसरगंज और सुल्तानपुर के लिए सपा-भाजपा-कांग्रेस के टिकट में पहले आप-पहले आप का अनकहा जाप है तो भाजपा के लिए सीतापुर से राजेश वर्मा, मिश्रिख से अशोक सिंह रावत, अयोध्या से लल्लू सिंह फिर निर्विवाद निकले खास हैं। सपा ने बहराइच में पड़ोसी जिले गोंडा के रमेश गौतम से लड़ाई साधी है, तो अयोध्या सामान्य सीट पर दलित समाज के 79 वर्षीय अवधेश प्रसाद उसकी उम्मीदों की आखिरी लाठी हैं।

बसपा सभी 80 सीटों पर अकेले ही लड़ेगी चुनाव
कोआर्डिनेटरों के स्तर से सहित कई सीटों पर संभावित प्रत्याशियों की घोषणा शुरू करवा दी गई है। लेकिन बसपा सुप्रीमो की ओर से अधिकृत उम्मीदवारों के एलान का इंतजार है। बसपा के उम्मीदवारों से तय होगा कि अवध में किस सीट पर लड़ाई आमने-सामने वाली होगी या त्रिकोणीय। हालांकि बसपा की अपना दल (कमेरावादी) के बीच बातचीत चल रही है।

ऐसे समझिए 14 सीटों का गणित
लखनऊ 

भाजपा : केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 
सपा : रविदास मेहरोत्रा, विधायक।

मोहनलालगंज (सुरक्षित) 
भाजपा : कौशल किशोर, केंद्रीय मंत्री 
सपा : आरके चौधरी, पूर्व मंत्री।

रायबरेली
भाजपा/ कांग्रेस प्रत्याशी घोषित नहीं। 
(कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की सीट इस बार मैदान में नहीं)

अमेठी 
भाजपा : स्मृति इरानी, केंद्रीय मंत्री
कांग्रेस : घोषित नहीं। 

 

सुल्तानपुर 
भाजपा : मैनका गांधी 
सपा : भीम निषाद। 

फैजाबाद 
भाजपा: लल्लू सिंह, सिटिंग सांसद 
सपा : अवधेश प्रसाद पूर्व मंत्री। 

 

सीतापुर 
भाजपा: राजेश वर्मा, सिटिंग सांसद
सपा : घोषित नहीं।

मिश्रिख (सुरक्षित) 
भाजपा: अशोक कुमार रावत, सिटिंग सांसद 
सपा : संगीता राजवंशी (पहले इनके पति मनोज राजवंशी प्रत्याशी थे)

 

बाराबंकी (सुरक्षित)
भाजपा : टिकट मिलने के बाद अश्लील वीडियो वायरल होने उपेंद्र सिंह रावत का टिकट कटा, अब राजरानी रावत को उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस: तनुज पुनिया, कांग्रेस नेता पीएल पुनिया के बेटे

अंबेडकरनगर 
भाजपा: रितेश पांडेय (सिटिंग सांसद, बसपा छोड़कर आए टिकट मिला) 
सपा : लालजी वर्मा, विधायक

 

बहराइच (सुरक्षित)
भाजपा: बहराइच से मौजूदा सांसद अक्षयवर लाल गोंड के पुत्र, डॉ आनन्द गोंड प्रत्याशी बनाया गया है।
सपा : रमेश गौतम पूर्व विधायक 

कैसरगंज
भाजपा/ सपा प्रत्याशी घोषित नहीं। (सिटिंग सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह का टिकट होल्ड)
विज्ञापन

श्रावस्ती 
भाजपा : साकेत मिश्रा, एमएलसी (श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के पुत्र हैं साकेत)
सपा : घोषित नहीं। 

गोंडा 
भाजपा : कीर्तिवर्धन सिंह, सिटिंग सांसद 
सपा : श्रेया वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. बेनी वर्मा की पोती
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें