लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश की आठ सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी में होने वाले मतदान में 1.41 करोड़ वोटर 85 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आयोग के प्रेक्षकों के साथ जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मतदान पर नजर रखेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार शाम तक मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स के तौर पर अर्द्धसैनिक बलों के सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं।
1121 बूथों पर डिजिटल कैमरे और 781 केंद्रों पर वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 1614 बूथों की वेब कास्टिंग की जाएगी। वोटिंग के लिए 19,367 ईवीएम बैलेट यूनिट, 19,348 कंट्रोल यूनिट और 20,527 वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के साथ ही निगरानी के लिए 1346 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 187 जोनल मजिस्ट्रेट और 617 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
8 सामान्य प्रेक्षक, 4 पुलिस प्रेक्षक, 8 व्यय प्रेक्षक और 41 सहायक व्यय प्रेक्षक भी पूरे समय मुस्तैद रहेंगे। इनके अतिरिक्त 1598 माइक्रो प्रेक्षक, एमसीसी टीम, स्टेटिक्स सर्विलांस टीम और फ्लाइंग स्क्वायड टीमें भी तैनात की गईं हैं।
10 जिलों में आज अवकाश रहेगा
सीईओ ने बताया कि जिन आठ सीटों पर मतदान होना है उनसे संबंधित दस जिलों में बृहस्पतिवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इससे सरकारी कार्यालय, कारखाने, वाणिज्यिक अधिष्ठान और दुकानें बंद रहेंगी।
पिछले चुनाव में इन सीटों के नतीजे
2014 में हुए चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई थी। इन सभी 8 सीटों पर सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव हार गए थे।
1.41 करोड़ वोटर, 85 प्रत्याशी
- कुल प्रत्याशी 85
- महिला प्रत्याशी 10
- कुल मतदाता 1.41 करोड़
- पुरुष मतदाता 76.36 लाख
- महिला मतदाता- 65.56 लाख
- मतदान केंद 8751
- मतदेय स्थल 16163
- क्रिटिकल मतदेय स्थल 3314
- ईवीएम 27530
- सर्वाधिक मतदाता आगरा सीट (1934850)
- सबसे कम मतदाता नगीना सीट (1584111)
- सर्वाधिक प्रत्याशी 15 (फतेहपुर सीकरी)
- सबसे कम प्रत्याशी 7 (नगीना)