प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे गुरुवार को आएंगे। इसी के साथ 1.63 लाख से ज्यादा ईवीएम में कैद 979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला भी हो जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसके लिए चुनाव आयोग ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं।
विज्ञापन
सीईओ एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि प्रदेश के 80 लोकसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए सभी 75 जिलों में 77 मतगणना स्थल बनाए गए हैं। आजमगढ़ और कुशीनगर में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी। अन्य जिलों में एक-एक मतगणना स्थल बनाए गए हैं।
प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्रवार मतों की गिनती होगी। हर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14-14 टेबल और एक आरओ टेबल लगाई गई है। गाजियाबाद में सबसे अधिक मतदाता होने से वहां अतिरिक्त टेबल लगाई गई हैं।
विज्ञापन
हर टेबल के लिए उम्मीदवार एक-एक मतगणना एजेंट नियुक्त कर सके गा। प्रत्येक टेबल पर ईवीएम में दिखाए गए परिणाम की प्रति सभी 14 टेबलों पर मौजूदा मतगणना एजेंट को भी दी जाएगी। प्रत्येक टेबल पर केंद्रीय कर्मचारी को माइक्रो ऑब्जर्वर भी बनाया गया है।
Trending Videos
प्रत्येक राउंड के बाद घोषित होगा परिणाम
सीईओ ने बताया कि हर राउंड के बाद विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रवार मतगणना का परिणाम घोषित किया जाएगा। जो लोकसभा क्षेत्र एक से अधिक जिलों में है, उनकी राउंडवार मतगणना की घोषणा में थोड़ा अधिक समय लगेगा।
दो श्रेणी में होगी पोस्टल बैलेट की मतगणना
लू ने बताया कि इस बार पोस्टल बैलेट के मतों की गणना ईवीएम के समानांतर चलती रहेगी। लेकिन पोस्टल बैलेट के मतों को ईवीएम के मतों में सबसे अंत में जोड़ा जाएगा। पोस्टल बैलेट के मतों की गणना दो श्रेणी में होगी। एक श्रेणी में सेना, अर्द्धसैनिक बलों के जवानों और अधिकारियों (सर्विस वोटर्स ) के मतों की गणना होगी। दूसरी श्रेणी में चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारियों-अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के डाक मतपत्रों की गिनती होगी।
फोन पर रहेगा प्रतिबंध
सीईओ ने बताया कि मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। सिर्फ एआरओ और काउंटिंग सुपरवाइजर को मतगणना सॉफ्टवेयर में ओटीपी की जरूरत के लिए मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी। लेकिन दोनों अधिकारी भी ओटीपी मिलने के बाद मोबाइल का उपयोग नहीं कर सकेंगे। मीडिया कर्मी मतगणना स्थल पर बनाए गए मीडिया सेंटर में ही मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे।
आज बंद रहेंगी शराब की दुकानें
लू ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में सभी प्रकार की शराब की दुकानें बंद रहेंगी। कहीं भी शराब की दुकान खुली मिलने पर संबंधित अनुज्ञाधारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर 4 बजे तक रुझान, शाम 6 बजे बाद आएंगे नतीजे
लू ने बताया कि ईवीएम के मतों की गणना होने के बाद दोपहर 4 बजे तक चुनाव परिणाम के रुझान साफ हो जाएंगे। लेकिन ईवीएम वीवीपैट के मिलान, वीवीपैट की पर्चियों की गणना और पोस्टल बैलेट जोड़ने के बाद अंतिम परिणाम शाम 6 बजे के बाद ही घोषित हो सकेगा।
यह रहेगी प्रक्रिया
मतगणना के लिए गुरुवार सुबह सबसे पहले मतगणना प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी, उम्मीदवारों के अधिकृत प्रतिनिधि की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम की सील खोली जाएगी। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। स्ट्रांग रूम से प्रत्येक मतगणना कक्ष के लिए 14-14 ईवीएम को पोलिंग बूथ वार मतगणना के लिए भेजा जाएगा।
काउंटिंग टेबल पर उम्मीदवारों के अधिकृत एजेंट के सामने ईवीएम की सील दिखाई जाएगी और ईवीएम के नंबर का मिलान किया जाएगा। इसके बाद कंट्रोल यूनिट की सील तोड़कर मतों की गणना की जाएगी।
ईवीएम के मतों की गणना पूरी होने के बाद हर विधानसभा क्षेत्र की पांच-पांच ईवीएम और वीवीपैट के मतों का मिलान किया जाएगा। इसके लिए पांच-पांच ईवीएम का चयन संबंधित विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ की पर्चियों में से लॉटरी निकालकर किया जाएगा।
वीवीपैट की पर्चियों की गणना और ईवीएम के मतों का मिलान कराया जाएगा। अगर कहीं भी ईवीएम और वीवीपैट के मतों में विरोधाभास है तो वीवीपैट के मतों को अंतिम माना जाएगा।
प्रदेश में करीब 200 पोलिंग बूथों पर वीवीपैट को क्लीयर किए बिना ही उसका मतदान में उपयोग किया गया है। ऐसे पोलिंग बूथों के मतों की गणना वीवीपैट की स्लिप से की जाएगी।
फैक्ट फाइल
लोकसभा क्षेत्र - 80
मतगणना स्थल - 77
कुल प्रत्याशी - 979
महिला उम्मीदवार - 104
ईवीएम जिनकी गणना होनी है - 1.66 लाख
कुल मतदान बूथ - 163484
सियासी नजरिए से संवेदनशील लोकसभा क्षेत्र - 27
सांप्रदायिक तनाव की दृष्टि से संवेदनशील लोकसभा क्षेत्र - 36