लोकसभा चुनाव की 80 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को 75 जिलों में 77 केन्द्रों पर मतगणना शुरू हुई। भाजपा ने रुझान में बढ़त बनाना शुरू कर दिया था जो वक्त के साथ-साथ बढ़ती गई। शाम तक लगभग सभी सीटों पर ईवीएम से मतगणना पूरी होने के बाद प्रदेश की तस्वीर साफ हो गई।
प्रदेश की 78 सीटों पर चुनाव लड़ी भाजपा ने 62 सीटों पर कमल खिलाया है। वहीं प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में कांग्रेस को इस बार सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने प्रदेश की 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन वह मात्र सोनिया गांधी की रायबरेली सीट ही बचा सकी। राहुल गांधी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर सहित 69 उम्मीदवार चुनाव हार गए। ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस मुख्य मुकाबले में ही नहीं आ सकी।
अलीगढ़ में भाजपा के सतीश कुमार गौतम ने बसपा के डॉ. अजीत बालियान को 2,29,261 मतों से हराया। बांदा में भाजपा के डॉ.आर.के.सिंह पटेल ने सपा के श्यामा चरण गुप्ता को 58 हजार 938 मतों से पराजित किया।
उन्नाव में भाजपा के साक्षी महाराज ने सपा के अरुण शंकर शुक्ला को 4 लाख 956 मतों से हराया। गोंडा में भाजपा के कीर्तिवर्धन सिंह ने सपा के विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 1,66,360 मतों से हराया। गाजियाबाद में जनरल वीके सिंह 4.99 लाख से ज्यादा वोटों की निर्णायक बढ़त लिए हुए हैं।
बसपा से गठबंधन के बाद भी समाजवादी पार्टी को लोकसभा चुनाव में दो सीटों का घाटा हुआ है। सपा ने प्रदेश की 37 सीटों पर चुनाव लड़ा था। सपा ने मैनपुरी, रामपुर, आजमगढ़, संभल और मुरादाबाद सीटें जीती है, जबकि 32 सीटों पर हार हुई है।
मैनपुरी में कांटे के मुकाबले में सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव सीट बचाने में सफल रहे। आजमगढ़ में सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव विजयी हुए हैं। कांटे के मुकाबले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव कन्नौज में अपनी पत्नी डिंपल यादव की सीट नहीं बचा सके।
बदायूं में यादव परिवार के धर्मेंद्र यादव और फिरोजाबाद में सपा के अक्षय यादव भी चुनाव हार गए। रामपुर में समाजवादी पार्टी के आजम खान ने भाजपा की उम्मीदवार एवं फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा को करीब एक लाख मतों से हराया है। मुरादाबाद में सपा के डॉ. एसटी हसन ने भाजपा के मौजूदा सांसद कुंवर सर्वेश कुमार 97 हजार से अधिक मतों से हराया।
उत्तर प्रदेश में 80 सीटों में सबसे पहला परिणाम बहराइच लोकसभा क्षेत्र का घोषित किया गया। बहराइच में भाजपा के अक्षयवर लाल 1 लाख 28 हजार 752 मतों से विजयी हुए। बहराइच के बाद दूसरे नंबर गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र का परिणाम घोषित हुआ, यहां भाजपा के उम्मीदवार भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला 3 लाख 1 हजार 164 मतों से विजयी हुए।
तीसरे नंबर पर नगीना लोकसभा क्षेत्र का परिणाम आया, नगीना में बसपा के गिरीश चंद्र ने भाजपा के यशवंत सिंह को 1 लाख 66 हजार 832 मतों से पराजित किया।