मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर लू
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10 सीटों के लिए अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी। इन 10 सीटों मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत के लिए नामांकन भी बृहस्पतिवार को शुरू हो जाएंगे। चार अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि तीसरे चरण के 10 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 11 जिले मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, संभल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, एटा, बदायूं व पीलीभीत में हैं।
न जिलों में कुल 1.76 करोड़ मतदाता हैं, इनमें 95.5 लाख पुरुष, 80.9 लाख महिला और 983 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। जबकि इनमें 18 से 19 वर्ष की आयु के 2,98,619 और 80 वर्ष से अधिक उम्र के 2,99,871 मतदाता शामिल हैं। इनके लिए 12,128 मतदान केंद्रों पर 20,116 बूथ बनाए जाएंगे।
सामान्य व ओबीसी वर्ग के प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन दाखिल करने के लिए 25 हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग के उम्मीदवार को 12,500 रुपये जमानत राशि जमा करानी होगी। साथ ही, राष्ट्रीय व राज्यीय दलों के उम्मीदवारों को एक प्रस्तावक और निर्दलीय व अमान्यताप्राप्त दलों के उम्मीदवारों को 10 प्रस्तावक की आवश्यकता होगी।