लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान का तीसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेधावी विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान करेंगी। संस्थान की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह में एमबीबीएस, पीजी, सुपर स्पेशियलिटी, बीएससी नर्सिंग और एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के 340 सफल अभ्यर्थियों को डिग्री दी जाएगी। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 26 विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें एमबीबीएस और पीजी/सुपर स्पेशियलिटी वर्ग में 12-12, जबकि बीएससी नर्सिंग और एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन में एक-एक पदक दिया जाएगा। इसके अलावा चांसलर मेडल और डायरेक्टर मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में हाइफा स्थित यूनेस्को चेयर इन बायो-एथिक्स के भारतीय कार्यक्रम के राष्ट्रीय शैक्षणिक प्रमुख डॉ. वेद प्रकाश मिश्र मुख्य अतिथि होंगे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि पदक पाने वाले विद्यार्थियों का चयन शैक्षणिक प्रदर्शन, शोध कार्य, अनुशासन और संस्थान की गतिविधियों में योगदान के आधार पर किया गया है।