लगाए इमरजेंसी ब्रेक, डीआरएम ने की सराहना
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लाल गोपालगंज-रामचौरा रोड रेलखंड पर शनिवार सुबह रेल हादसा टल गया। बरेली से प्रयागराज जा रही ट्रेन के सामने ट्रैक पर एक व्यक्ति पड़ा था। लोको पायलट आरआर मीना ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे व्यक्ति की जान भी बच गई।
मामला गाड़ी संख्या 14308 बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस का है। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह 3:50 बजे की घटना है। लाल गोपालगंज-रामचौरा रोड रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 23/05 के पास लोको पायलट ने एक व्यक्ति को ट्रैक पर पड़ा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। कार्रवाई से ट्रैक पर पड़े व्यक्ति की जान बच गई। व्यक्ति की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना तत्काल आरपीएफ कंट्रोल को दी गई। इसके बाद विनोद कुमार को रामचौरा रोड स्टेशन के स्टेशन मास्टर कार्यालय लाया गया। जहां उन्हें एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। डीआरएम सुनील कुमार ने लोको पायलट की सराहना की। उन्होंने कहाकि लोको पायलट की सजगता और त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति का जीवन सुरक्षित रहा।