रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पर दोनों सुलभ शौचालय करीब एक महीने से बंद हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत हो रही है। एक शौचालय प्लेटफार्म नंबर एक तो दूसरा प्रतीक्षालय में बना हुआ है। दोनों शौचालयों पर ताले लटक रहे हैं। महाकुंभ के लिए स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणाएं हो चुकी है, जो रायबरेली से होकर गुजरेंगी। इसके बावजूद शौचालय शुरू करने की दिशा में कोई प्रयास होता नहीं दिखा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय और प्लेटफार्म पर सुलभ शौचालय (पे एंड यूज) बने हैं, जिसके संचालन की जिम्मेदारी निर्धारित अवधि के लिए किसी न किसी व्यक्ति या फर्म को दी जाती है। करीब एक महीने पहले दोनों शौचालयों पर ताले लगा दिए गए। इसके संचालन की अवधि खत्म हो गई। रेलवे सूत्र बताते हैं कि जिसके पास संचालन की जिम्मेदारी थी, उसने भी संचालन अवधि बढ़ाने के लिए प्रयास नहीं किया।
वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला ने कहा कि अवधि पूरी होने पर शौचालय बंद हो गए हैं। अब किसी नए व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलेगी। अगले हफ्ते से संचालन शुरू कराने का प्रयास होगा।