मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 की टेस्टिंग क्षमता बढ़ाकर 50 हजार टेस्ट रोजाना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरटीपीसीआर से 30 हजार टेस्ट, रैपिड एंटीजन टेस्ट से 18-20 हजार तथा ट्रूनेट मशीन से 2-2.5 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाएं। सर्विलांस टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर संदिग्ध लक्षणों वाले लोगों की जांच कराएं।
जांच में कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सक राउंड अवश्य करें। उन्होंने पुलिस बल को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी सावधानियां बरतने के भी निर्देश दिए।
अपने सरकारी आवास पर सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शनिवार तथा रविवार को पूरे प्रदेश में स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाएं।
पूरे प्रदेश की बाजारों की साप्ताहिक बंदी शनिवार व रविवार को होगी
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि सोमवार से शुक्रवार तक सभी बाजार खुलेंगे। केवल कंटेनमेंट जोन की दुकानें नहीं खुलेंगी। शनिवार तथा रविवार को बाजार बंद रहेंगे। इस तरह पूरे प्रदेश में बाजारों की साप्ताहिक बंदी शनिवार तथा रविवार को होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि साप्ताहिक बंदी के दौरान बाजारों में स्वच्छता तथा सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जाए।