भाषा विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस संपन्न, 600 बाल विज्ञानियों ने लिया भाग
लखनऊ। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में सोमवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि विद्यार्थियों को आसपास घटित हो रही घटनाओं को समझकर स्थानीय समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान निकालना चाहिए। कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने भारतीय परंपराओं में छिपे विज्ञान को खोजने और निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
'टिकाऊपन के लिए विज्ञान और नवाचार' विषय पर आधारित इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 600 बच्चों ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण और स्वास्थ्य जैसे उपविषयों पर अपने लघुशोध पत्र प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, वैज्ञानिक डॉ. निमिष कपूर और राज्य प्रमुख अन्वेषक डॉ. विष्णु प्रताप सिंह सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे। यहां से चयनित प्रतिभागी एक दिसंबर को नोएडा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।