तमन्ना परवीन बनीं मुस्कान वर्मा।
- फोटो : amar ujala
प्रेम, विश्वास और आपसी सहमति के चलते बिहार की रहने वाली तमन्ना परवीन पुत्री शमशाद ने जनपद सीतापुर निवासी अभिषेक वर्मा के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। विवाह के उपरांत तमन्ना परवीन ने अपना नाम मुस्कान वर्मा रखा और हिंदू धर्म में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए हिंदू धर्म अपनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तमन्ना परवीन हरियाणा की एक फैक्टरी में काम करती थीं, जहां उनकी मुलाकात सीतापुर निवासी अभिषेक वर्मा से हुई। साथ काम करते-करते दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। दोनों बालिग होने के साथ ही अपने फैसले लेने में स्वतंत्र थे। आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति विश्वास के आधार पर दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
राष्ट्रीय हिन्दू शेर सेना के प्रमुख विकास हिन्दू की उपस्थिति में सीतापुर की कांशीराम कॉलोनी स्थित काली माता मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। इसके साथ ही दोनों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट मैरिज भी की।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप शुक्ला, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गौरतलब है कि राष्ट्रीय हिन्दू शेर सेना के नेतृत्व एवं सहयोग से संपन्न होने वाला यह 68वां विवाह है। संगठन की ओर से बताया गया कि बालिग युवक-युवतियों के आपसी प्रेम, सहमति और वैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए विवाह संपन्न कराने में सहयोग किया जाता रहा है। संगठन ने नवविवाहित जोड़े के सुखद एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।