माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली वीआईपी ट्रेन लखनऊ मेल का फ्लश ओवरफ्लो कर रहा है। गंदगी बोगियों तक पहुंच गई है। वहीं दिल्ली से प्रतापगढ़ के बीच चलने वाली पद्मावत एक्सप्रेस बदहाली का शिकार हो गई हैं। सीटें फटी हैं। शौचालय गंदे हैं और बोगियों में पानी का संकट है। यात्रियों ने इसकी शिकायत डीआरएम से की है।
यात्री अंकित मोहन ने सोशल मीडिया एक्स पर शिकायत कर बताया कि पद्मावत एक्सप्रेस में फटी हुई सीटों के साथ यात्रा करनी पड़ रही है। कई सीटें टूटी और फटी हुई हैं। बोगियों में गंदगी भी है। बताया कि ट्रेन में मौजूद टीटीई से शिकायत की, लेकिन अनसुना कर दिया। डीआरएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। दूसरी ओर वीआईपी ट्रेन लखनऊ मेल के सेकेंड एसी कोच के शौचालय में गंदगी की शिकायत यात्री अंकित सेठ ने की है। उन्होंने बताया कि यात्रियों का बैठना मुहाल हो गया है। फ्लश ओवरफ्लो है। पानी फैला हुआ है। ऐसे ही दिल्ली-अयोध्या एक्सप्रेस के यात्री राहुल द्विवेदी ने कोच के वॉशरूम की गंदगी की शिकायत की है।