फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी फिर बदनाम, नहीं दिखी शिक्षक भर्ती की मेरिट

Sat, 05 Jul 2014 06:50 PM IST
शैलेंद्र श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
प्राइमरी स्कूल में टीईटी मेरिट के जरिए 72825 पदों पर शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे आवेदकों की मेरिट सूची शुक्रवार शाम जारी कर दी गई।
विज्ञापन


हालांकि, मेरिट जारी होते ही वेबसाइट पर इतना दबाव बढ़ गया कि वह बैठ गई। कई जिलों में वेबसाइट खुल नहीं सकी।

आ गई शिक्षक भर्ती की मेरिट लिस्ट, यहां देखिए

सचिव बेसिक शिक्षा हीरालाल गुप्त ने तकनीकी समस्या पर विचार और निराकरण के लिए छुट्टी के बावजूद शनिवार को शासन में बैठक बुलाई है।

इसमें एससीईआरटी के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा व एनआईसी डायरेक्टर उपस्थित रहेंगे।

क्या बढ़ाई जाएगी अंतिम तारीख?

प्राइमरी स्कूलों में 72,825 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए शुक्रवार को ही जारी की गई अनंतिम मेरिट लाखों अभ्यर्थियों से दूर ही रह गई। एक दिन बाद भी लोग वेबसाइट पर अपना विवरण न देख सके और न ही उसका प्रिंटआउट निकाल सके।

शनिवार को अमर उजाला का लगातार शिकायत मिलती रही कि बेसिक शिक्षा की वेबसाइट, जिस पर 72,825 शिक्षकों की भर्ती से संबंधित मेरिट लिस्ट जारी की गई थी, नहीं खुल रही है। हमारी ओर से भी लिंक खोलने का प्रयास लगातार जारी रहा, पर देर शाम तक साइट ही नहीं खुली।

आ गई शिक्षक भर्ती की मेरिट लिस्ट, यहां देखिए

सिर्फ मुख्यपृष्ठ दिखता रहा। इस पर दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर एरर पेज आता रहा। गौरतलब है कि सचिव बेसिक शिक्षा हीरालाल गुप्त ने तकनीकी समस्या पर विचार और निराकरण के लिए छुट्टी के बावजूद शनिवार को शासन में बैठक बुलाई, पर उसका कोई असर देखने को नहीं मिला।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित डायट पर जाकर गलतियां साधरने की अंतिम तिथि 8 जुलाई से बढ़ाई जाएगी।

वेबसाइट झेल नहीं पाई ट्रैफिक

प्रदेश में 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रदेश में करीब 68 लाख आवेदन आए हैं।

सचिव बेसिक शिक्षा के निर्देशानुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बेसिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर आवेदकों की अनंतिम वरीयता सूची जारी कर दी गई।

मेरिट जैसी ही जारी की गई आधिकारिक वेबसाइट पर अप्रत्याशित तरीके से हिट बढ़ गए और वेबसाइट बैठ गई।

कई जिलों में वेबसाइट खुल नहीं सकी। इस समस्या के सामने आते ही एससीईआरटी से लेकर डायटों तक फोन घनघनाने लगे।

4 दिन, 14 जिले: कैसे सही करवाएं गलती

बदायूं निवासी नरेंद्र कुमार ने टीईटी शिक्षक भर्ती के लिए प्रदेश के 50 जिलों से आवेदन किया था।

शुक्रवार को राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा शिक्षक भर्ती की मेरिट जारी कर दी गई। नरेंद्र कुमार का नाम 40 जिलों में आया है। जबकि 10 जिलों की मेरिट सूची में उनका नाम नहीं है।

जिन जिलों में उनका नाम आया भी है, उसमें एक जगह उनके नंबर गलत लिखे हैं और तीन जगह उनके पिता के नाम में गड़बड़ी है।

अब उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर चार दिन में 14 जिलों में जाकर वह किस प्रकार गड़बड़ी सही करवाएंगे। यह तो महज बानगी भर है।

लिस्ट में गलतियों का अंबार

शुक्रवार को जारी हुई टीईटी मेरिट में ऐसी कई गलतियां हैं। अभ्यर्थियों को समझ नहीं आ रहा है कि महज चार दिन में वे किस तरह प्रत्येक जिले में जाकर गलतियां सुधरवाएंगे।

लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को टीईटी की मेरिट जारी कर दी गई। पहले तो वेबसाइट पर अभ्यर्थियों को अपनी मेरिट देखने में पसीने छूटे।

दरअसल मेरिट सूची शाम पांच बजे जारी होनी थी लेकिन अभ्यर्थी अपनी मेरिट रात नौ-दस बजे बाद ही देख पाए। मेरिट सूची देखने पर उन्हें पता चला कि इसमें काफी गड़बड़ियां हैं।

बहुत से अभ्यर्थियों के टीईटी अंक गलत चढ़े हुए हैं। नाम, जन्म तिथि आदि की गड़बड़ियां बहुत ही ज्यादा है।

लेकिन, तीन दिन में कैसे होगा सब

पांच जुलाई को अभ्यर्थियों को पहले वेबसाइट पर इसका संशोधन करना है। इसके बाद उसकी फोटो कॉपी संबंधित जिले के डायट केंद्र पर जाकर 8 जुलाई तक जमा करनी है।

अभ्यर्थियों की असल मुसीबत यही है। नौकरी के लालच में बहुत से अभ्यर्थियों ने 40 से 50 जिलों में आवेदन कर रखा है।

वेबसाइट की धीमी गति के कारण ऑनलाइन संशोधन में ही अभ्यर्थियों की हालत खराब हो रही है। इसके बाद महज तीन दिन में डायट केंद्र पर पहुंचकर संशोधन की फोटो कॉपी जमा करवानी है।

व्यवहारिक रूप से यह संभव न होने के कारण अभ्यर्थियों में खासा रोष है।

गोंडा में जूझते रहे बीएड टीईटी अभ्यर्थी

72 हजार बीएड टीईटी अभ्यर्थियों की शुक्रवार शाम छह बजे तक जिलेवार कटऑफ मेरिट नहीं निकल पाई। साइबर कैफे पर अभ्यर्थी ऑनलाइन जिलेवार कटआफ मेरिट देखने के लिए जूझते रहे।

वहीं, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्राचार्य तथा कर्मचारी कटआफ मेरिट घोषित होने का इंतजार करते रहे। गोंडा में चार हजार अध्यापकों की तैनाती होनी है।

इसके सापेक्ष दो लाख 8 हजार 9 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। शुक्रवार शाम पांच बजे जिलेवार अभ्यर्थियों की कटआफ मेरिट ऑनलाइन जारी होनी थी।

इसे लेकर अभ्यर्थी साइबर कैफे में जिलेवार कटआफ सूची देखने के लिए जुटे रहे। शाम छह बजे तक ऑनलाइन कटआफ सूची जारी नहीं हुई। डायट के प्राचार्य मनोहर लाल ने बताया कि कटआफ मेरिट सूची जारी होने के बाद जिन अभ्यर्थियों की कोई शिकायत है, उनका प्रत्यावेदन लिया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों की काउंसलिंग सहित अन्य प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
विज्ञापन

यहां भी खूब हुई परेशानी

सहायक अध्यापक के लिए आवेदन करने वाले शक्ति प्रकाश ने बताया कि उनके पिता शेष नारायण पाठक के नाम की स्पेलिंग गलत कर दी गई है।

उन्होंने सात जिलों से आवेदन किया था लेकिन दो जिलों में ही आवेदन दिखाया जा रहा है। अभ्यर्थी चित्रसेन राय ने बताया कि उन्हें टीईटी में 130 अंक मिला है, लेकिन डाउनलोड की गई लिस्ट में 110 अंक ही दर्शाया गया है।

इसी तरह की कई अभ्यर्थियों के जन्मतिथि में गलती की गई है। डायट प्राचार्य नीलम ने बताया कि मेरिट लिस्ट जारी करने की जिम्मेदारी बीएसए की है।

नियुक्ति अधिकारी बीएसए होते हैं। बीएसए संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि एक साथ कई भर्तियां चल रही हैं। सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए जारी होने वाली सूची अभी तक नहीं उपलब्ध हो पाई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें