लखनऊ। आबकारी विभाग ने पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही 150 पेटी शराब पकड़ी है। औरंगाबाद अंडरपास के पास मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान ट्रक में लदी शराब के साथ चालक को गिरफ्तार किया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ट्रक के भीतर भूसी की 50 बोरियों के बीच 150 पेटी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। ट्रक के चालक हरियाणा के पानीपत सि्थत सालखना निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। चालक ने बताया कि ट्रक सोनीपत में प्रदीप दहिया व कुलदीप गुलिया ने दिया था। चेकिंग में ट्रक के केबिन से गाड़ी के कागजात के साथ टैक्स इनवॉइस का पेपर भी मिला है। इसमें शराब भेजने व प्राप्त करने वाली फर्म के रूप में कबीरा एंटरप्राइजेज अमृतसर पंजाब और सिलीगुड़ी सप्लायर्स वेस्ट बंगाल लिखा है।