इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रेस्टोरेंट के मैनेजर ठाणे महाराष्ट्र निवासी राकेश कुमार, बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला निवासी शिवम कुमार, अंबेडकरनगर के अकबरपुर निवासी अरविंद कुमार, माल निवासी श्याम सिंह, झारखंड निवासी संजय कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि आबकारी विभाग ने मैनेजर से जब शराब बेचने का लाइसेंस मांगा तो वह दिखा नहीं सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कभी-कभी बार का लाइसेंस लेकर बेचता था। इसकी आड़ में वह बिना लाइसेंस के भी शराब बेच रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया।
एफआईआर के मुताबिक आरोपी यह करतूत टैक्स बचाने के लिए करते थे। राकेश ने इसके लिए चार अन्य कर्मचारियों को रेस्टोरेंट में काम पर लगाया था। इसमें रेस्टोरेंट के कॉर्पोरेट मैनेजर नाजिर शेख की मिलीभगत भी बताई जा रही है। पुलिस नाजिर से भी पूछताछ करेगी। पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ऐसा कर रहे थे, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ है। पुलिस ने सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।