लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार निवासी कारोबारी निरंकार नाथ पांडेय साइबर जालसाजों ने निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। फिर उनके 30.64 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
निरंकार के मुताबिक 16 जून को व्हाट्सएप के जरिये जालसाजों ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने उन्हें मुनाफा कमाने का लालच दिया। जाल में फंसे कारोबारी ने हामी भर दी और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़ दिया गया। इसके बाद ठगों ने 16 जून से 31 जुलाई तक कई किस्तों में उनसे 30.64 लाख रुपये पांच वेबसाइटों के जरिये निवेश करा लिए। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। अपने नंबर भी स्विच ऑफ कर लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। पीड़ित ने जिन वेबसाइटों के जरिये रकम निवेश की थी, उनके बारे में पता लगाया जा रहा है।