ED interrogated Lewis Khurshid: पूर्व कैबिनेट मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुई खुर्शीद सरकारी सब्सिडी हड़पने के आरोप में ईडी के सामने पेश हो रही हैं। शुरुआती जांच में उनकी संलिप्तता पायी गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस सरकारी सब्सिडी हड़पने के आरोप जांच में सही मिलने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनको अगले हफ्ते फिर तलब किया है। बृहस्पतिवार को करीब नौ घंटे तक लुईस खुर्शीद से पूछताछ के दौरान उनके जवाबों से ईडी के अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। इसी वजह से उन्हें दिव्यांगजनों के लिए लगाए गये शिविर के सभी दस्तावेजों के साथ तलब किया गया है।
विज्ञापन
बता दें कि लुईस खुर्शीद को उनकी डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा 17 जिलों में दिव्यांगजनों का कृत्रिम अंग और उपकरण बांटने में केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गयी 71 लाख रुपये की सब्सिडी हड़पने के मामले में ईडी ने तलब किया था। इस प्रकरण को लेकर सभी 17 जिलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से कुछ मामलों की जांच ईओडब्ल्यू को दी गयी थी, जिसमें आरोप सही पाए गए थे।
वहीं ईडी ने बृहस्पतिवार को लुईस खुर्शीद से जब दिव्यांगजनों के लिए जिलों में लगाए गये कैंपों के बारे में गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने पुराना मामला होने की बात कहकर अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक जांच में तमाम पुख्ता सुबूत मिलने के बाद लुईस खुर्शीद को अगले सप्ताह सारे दस्तावेजों के साथ पेश होने को कहा गया है। वहीं इस मामले में ट्रस्ट के बाकी पदाधिकारियों पर भी ईडी कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है। बता दें कि लुईस खुर्शीद वर्ष 2002 में कांग्रेस के टिकट पर कायमगंज से विधायक चुनी गयी थीं।