बहराइच के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में तेंदुए का दिखना लगातार जारी है। बुधवार को सोशल मीडिया पर तेंदुए का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जिसमें तेंदुआ खेत किनारे बैठा दिखा और वाहन की रोशनी पड़ते ही कूद कर खेत में चला गया। वीडियो वायरल होने के बाद से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है।
अमर उजाला वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि वीडियो कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग से सटे कारीकोट गांव का है। जहां मंगलवार की रात गांव निवासी शुभम सिंह गन्ना तौल करवाकर ट्रैक्टर ट्राली से घर वापस लौट रहे थे।
इस दौरान कारीकोट के मजरा अमीर सिंह पुरवा के प्राथमिक विद्यालय के सामने खेत के पास तेंदुआ बैठा मिला। तेंदुआ देख शुभम डर गये और उन्होंने मोबाइल से वीडियो बना लिया। ट्रैक्टर की रोशनी पड़ने पर तेंदुआ खेत में भाग गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।