लखनऊ। पीजीआई के कल्ली पश्चिम में ओमेक्स सिटी चौराहे के पास मंगलवार की शाम सरकारी राजस्व की जमीन पर अवैध निर्माण रुकवाने गए नगर निगम के लेखपाल संदीप यादव व राजस्व लेखपाल जितेंद्र सिंह से वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मामले की तहरीर दी गई है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
नगर निगम के लेखपाल संदीप यादव ने बताया कि ओमेक्स सिटी चौराहे के पास अवैध निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह राजस्व लेखपाल जितेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे परिवार ने उन्हें घेर लिया और निर्माण न रोकने की बात कहते हुए गाली दी और धमकाया भी। लेखपाल का कहना है कि आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने मारपीट भी की। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।