लखनऊ। एलडीए का लालबाग स्थित विहित प्राधिकारी न्यायालय तीन दिनों से बंद है। मंगलवार को भी कर्मचारी कार्यालय कक्ष में ताला डालकर गायब रहे, जिससे सुनवाई ठप रही।
मुख्य द्वार पर एक नोटिस चस्पा था, जिसमें मंगलवार के सभी वादों की सुनवाई चार अगस्त को होने की जानकारी दी गई। सुनवाई के लिए पहुंचे अधिवक्ता और अन्य लोग कोर्ट के बंद होने का कारण जानने के लिए उत्सुक दिखे। यह स्थिति अलीगंज अग्निकांड से जुड़े एक मामले से संबंधित है। 10 जुलाई को विहित प्राधिकारी ने अलीगंज अग्निकांड वाली बिल्डिंग के ध्वस्तीकरण का आदेश दिया था। बिल्डिंग वीरेंद्र प्रताप शुक्ला और सुरेंद्र प्रताप शुक्ला के अधिवक्ताओं ने आदेश की प्रमाणित प्रति मांगी। तीन दिन तक प्रति न मिलने पर अधिवक्ताओं ने कार्यालय में हंगामा किया। कर्मचारियों ने डरकर शनिवार और सोमवार को भी कार्यालय नहीं खोला था।