लखनऊ। एलडीए शारदा नगर विस्तार योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 1100 आवास बनाएगा। यह प्रस्ताव शुक्रवार को एलडीए बोर्ड की बैठक में पास हुआ। चार नई आवासीय योजनाओं का डीपीआर भी बोर्ड ने पास कर दिया। अब रेरा पंजीकरण के बाद एलडीए आने वाले तीन से चार महीने में इन योजनाओं को लांच करेगा।
बोर्ड बैठक के बाद एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने पास हुए प्रस्तावों की जानकारी दी। बताया कि डालीबाग की सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के आवंटन पत्र वितरण के मौके पर मुख्यमंत्री ने गरीबों के लिए और सस्ते आवास बनाने के निर्देश दिए थे। इस पर अमल करते हुए एलडीए शारदा नगर विस्तार में 1100 ईडब्ल्यूएस आवास (जी प्लस थ्री श्रेणी के अपार्टमेंट) बनाएगा। इसके लिए दो हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। निर्माण के लिए जरूरी कार्यवाही दो-तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी।
बोर्ड ने सुल्तानपुर रोड की आईटी सिटी व वेलनेस सिटी, आगरा एक्सप्रेसवे की वरुण विहार और सीतापुर रोड की नैमिष नगर योजना का डीपीआर भी पास किया है। इन चारों योजनाओं में करीब छह लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगा। रेरा में पंजीकरण कराने के बाद इन योजनाओं को लांच किया जाएगा।
ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी
बोर्ड ने बसंतकुंज योजना से आईआईएम चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण को मंजूरी दी। इसके लिए आवश्यक 24.02 हेक्टेयर भूमि आपसी सहमति से जुटाई जाएगी। ग्रीन कॉरिडोर का करीब 2.50 किमी विस्तार होने से यह एलडीए की आने वाली नई आवासीय योजना नैमिष नगर सीधे जुड़ जाएगा। इससे दो लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा। ग्रीन कॉरिडोर अभी बसंतकुंज योजना से किसान पथ तक करीब 28 किमी के दायरे में बनाया जा रहा है। विस्तार के बाद लोगों का बसंतकुंज, दुबग्गा, पक्कापुल, डालीगंज, मेडिकल काॅलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, हनुमान सेतु, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज, अशोक मार्ग, समतामूलक चौक गोमती नगर, 1090 चौराहा, शहीद पथ इकाना स्टेडियम होते हुए किसान पथ तक आना-जाना आसान हो जाएगा। आवागमन को और आसान बनाने और प्रमुख इलाकों को जोड़ने के लिए नैमिष नगर से आईआईएम चौराहा तक 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने एवं योजना में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भी 5.39 हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
सम्मान प्राप्त सैनिक को फ्लैट खरीद में अतिरिक्त छूट
एलडीए पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत छूट पर आवंटित किए जा रहे फ्लैटों में सम्मान प्राप्त सैनिकों को अतिरिक्त छूट भी देगा। अभी 45 से 90 दिन में फ्लैट की पूरी कीमत जमा करने पर एक से ढाई लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। अब परमवीर चक्र या अशोक चक्र से सम्मानित जवानों को 7.5 प्रतिशत, महावीर चक्र या कीर्ति चक्र प्राप्त जवानों को 5 प्रतिशत और वीर चक्र या शौर्य चक्र विजेताओं को 2.5 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यह छूट जवानों और उनके आश्रितों को एक फ्लैट की खरीद पर दी जाएगी। इसके अलावा बोर्ड ने खाली फ्लैटों की कीमत भी एक वर्ष तक नहीं बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया है। अभी एलडीए के विभिन्न योजनाओं में 436 फ्लैट खाली हैं, जिनका आवंटन पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत किया जा रहा है।