बसंतकुंज योजना में बने जागर्स पार्क की खस्ताहाल सड़कें
लखनऊ। आईआईएम रोड के पास एलडीए की बसंतकुंज योजना के जागर्स पार्क में हर तरफ बदहाली फैली हुई है। यहां पर टूटे झूले, खराब रास्ते और बंद फौव्वारे लोगों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। हालांकि एलडीए इनको चमकाने का दावा कर रहा है लेकिन सुधार के जो काम चल भी रहे हैं उनकी रफ्तार बहुत सुस्त है। यह हाल तब है जब दो महीने पहले एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने इस पार्क का निरीक्षण कर इसे संवारने के निर्देश दिए थे।
करीब 15 साल पहले बना बसंतकुंज योजना के इस पार्क में लगे झूले का पाइप बीच से टूट चुका है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कई रास्ते इतने खराब हैं कि चलना मुश्किल है। टाइल्स, पत्थर और बेंच भी टूटी हुई हैं। जगह-जगह बिजली के खुले तार पड़े हुए हैं। एलडीए के उद्यान अधिकारी एसके भारती ने बताया कि पार्क में सुधार कार्य हो रहा है। कहीं अव्यवस्था है तो उसे सही कराया जाएगा। पार्क में कई तरह के काम अभियंत्रण विभाग के पास है उनसे रिपोर्ट लेकर काम कराए जाएंगे।