लखनऊ। एलडीए की टीम ने शनिवार को अवैध रूप से बसाई जा रहीं काॅलोनियों में किए गए निर्माण ध्वस्त कर दिए। इस दौरान टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा। वहीं नगर निगम की टीम ने ठाकुरगंज और खुर्रमनगर में सड़क पटरी से अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान चलाया, जिसमें 100 से अधिक कब्जे सड़क पटरी से हटाए गए और सामान भी जब्त किया गया।
एलडीए के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि बीकेटी के अस्ती गांव में करीब 8000 वर्ग मीटर में अवैध प्लाटिंग कर काॅलाेनी बसाई जा रही थी, जिसे ध्वस्त किया गया। इसके अलावा चिनहट के गणेशपुर में 5000 वर्ग मीटर में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, उसके निर्माण भी तोड़े गए। नगर निगम जोन छह की टीम ने कोनेश्वर मंदिर से कालीचरन डिग्री कालेज और कैंपवेल रोड तक अभियान चलाया। इस दौरान 100 से अधिक हटाए गए। जोन सात की टीम ने खुर्रमनगर पुलिस चौकी से पिकनिक स्पाट गेट तक अभियान चलाया। इसमें 30 से अधिक कब्जे सड़क पटरी से हटाए गए।