लखनऊ। सुल्तानपुर रोड स्थित एलडीए की सीजी सिटी आवासीय योजना में विकास कार्य शुरू हो गए हैं। योजना के लिए जिन लोगों ने अपनी जमीन लैंड पूलिंग योजना के तहत दी है, उन्हें प्लाॅट आवंटित करने के लिए इस महीने के अंत में लाॅटरी डाली जाएगी। मंगलवार को एलडीए वीसी ने योजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एलडी वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना और किसान पथ बीच करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से दो किमी लंबी कनेक्टिंग रोड बनाई जाएगी। उसके लिए टेंडर कर दिया गया है। इसके अलावा योजना में लगभग 10 किमी लंबाई के रोड नेटवर्क का कार्य मौके पर शुरू करा दिया गया है। योजना 2,660 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। इसके लिए अभी तक 117 भू-स्वामियों ने 550 बीघा से अधिक भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से निशुल्क देने के आवेदन दिए हैं, जिसमें से लगभग 70 बीघा भूमि की एग्रीमेंट डीड भी हो गई है।
अब इन भूस्वमियों को एलडीए 25 प्रतिशत विकसित जमीन देगा। योजना में करीब 10 हजार भूखंड विकसित किए जाएंगे। लगभग 200 एकड़ ग्रीन बेल्ट के बड़े भू-भाग में गोल्फ सिटी बनाई जाएगी।
लैंड पूलिंग के लिए अंतिम अवसर
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए भूमि जुटाई जा रही है। इसके बाद अर्जन की कार्रवाई तेज की जाएगी, जिसके बाद लैंड पूलिंग के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में जो किसान लैंड पूलिंग का लाभ उठाना चाहते हैं, वे अभी आवेदन कर सकते हैं। लैंड पुलिंग योजना में किसानों का अधिग्रहण के मुआवजे से कई गुना अधिक लाभ होगा।