एलडीए ने अपनी दो नई योजनाओं सहित 428 फ्लैटों के लिए पंजीकरण खोला है। पहली बार जहां ऐशबाग टावर और सुगम आवास रश्मिखंड के लिए आवेदन मांगे गए हैं, वहीं स्मृति अपार्टमेंट के एक ब्लॉक को री-लॉन्च किया गया है।
सृष्टि अपार्टमेंट के बचे फ्लैटों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। एलडीए वीसी प्रभु एन सिंह ने बताया कि लोगों के लिए कम कीमत से लेकर लग्जरी फ्लैट खरीदने का विकल्प दिवाली के मौके पर होगा। शुक्रवार से इनके लिए आवेदन किया जा सकता है।
यूको बैंक और आईडीबीआई बैंकों में आवेदन पत्र बिक्री के लिए मौजूद रहेंगे। आवेदन के साथ केवल पांच प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा करनी होगी। एलडीए लॉटरी के माध्यम से आवंटन करेगा। आवेदन एलडीए में 14 दिसंबर तक खुले हुए हैं।
525 रुपये देकर दोनों बैंकों की ब्रांचों के अलावा एलडीए से काउंटर नंबर -10 से फॉर्म खरीदा जा सकता है। वीसी ने बताया कि कुर्सी रोड पर जानकीपुरम योजना में बन रहे सृष्टि और स्मृति अपार्टमेंट में काम लगभग पूरा हो गया है। यहां मार्च 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा।
ऐशबाग में अगले डेढ़ साल में पूरा हो जाएगा निर्माण
डेमो
वहीं, रश्मिखंड शारदानगर योजना में चार मंजिला सुगम आवास का निर्माण पूरा हो गया है। यहां आवंटन के बाद कब्जा दिया जा सकेगा। ऐशबाग टावर का निर्माण भी एलडीए तेजी से पूरा कर रहा है। चार मंजिल तक सिविल वर्क यहां हो चुका है। अगले डेढ़ साल में यहां निर्माण पूरा हो जाएगा।
लोकेशन और कीमत से चुनिए फ्लैट
- सृष्टि अपार्टमेंट का निर्माण कुर्सी रोड पर हो रहा है। जानकीपुरम योजना में बन रही इन ग्रुप हाउसिंग के लिए बायोटेक पार्क चौराहे से होकर सीधे रिंगरोड पर पहुंचा जा सकता है। यहां एक, दो और तीन बीएचके के 30 फ्लैट मौजूद हैं। इनकी कीमत 27.61 लाख रुपये से लेकर 55.88 लाख रुपये तक है।
- कुर्सी रोड पर ही स्मृति अपार्टमेंट में भी एक, दो और तीन बीएचके के 78 फ्लैट एलडीए के पास हैं। इनकी कीमत 27.86 से 55.96 लाख रुपये तक है।
- लखनऊ महोत्सव स्थल के सामने की तरफ शारदानगर योजना में सुगम आवास रश्मिखंड में बनाए गए हैं। एक बीएचके के 72 फ्लैट यहां बनकर तैयार हैं, जिनका आवंटन होना है। इनकी कीमत केवल 11.44 लाख रुपये है। हालांकि, इनको क्षेत्रफल भी करीब 450 वर्गफुट ही मिलेगा।
यह फायदा भी उठा सकते हैं
डेमो
- लग्जरी फ्लैट खरीदने वालों के लिए एलडीए ने ऐशबाग जैसी बेहतर लोकेशन पर ऐशबाग हाइट्स के नाम से नया प्रोजेक्ट ऑफर किया है। यहां 248 फ्लैट हैं, जिनमें दो, तीन और चार बीएचके के फ्लैट मिल सकते हैं। इनकी शुरूआती कीमत ही 55.55 लाख रुपये है। वहीं चार बीएचके फ्लैट की कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये होगी।
वीसी ने बताया कि लोकेशन के अलावा इन फ्लैटों की कीमत को भी न्यूनतम किया गया है। इसमें कई खर्च जैसे पार्किंग शुल्क आदि कम कर दिए गए हैं। कोई आवंटी 60 दिन के अंदर पूरा पैसा जमा करता है तो इसके बाद 90 प्रतिशत कीमत पर पांच प्रतिशत का डिस्काउंट भी एलडीए देगा। अभी तक केवल 75 प्रतिशत पर 45 दिन के अंदर ही यह डिस्काउंट मिलता था। इससे प्रभावी कीमत आवंटी केे लिए कम हो जाएगी।