लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में जी-20 रोड के पास एलडीए की लगभग 15 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से निजी क्रिकेट एकेडमी चल रही थी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को मौके पर कब्जे को देखा और अफसरों को कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम दिया। हरकत में आई टीम ने पांच घंटे में एकेडमी के कब्जे को हटवाया।
एलडीए के मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि जी-20 रोड से गोमती नदी के मध्य स्थित उजरियांव की लगभग 15 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया गया। यहां निजी क्रिकेट एकेडमी व अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलती मिलीं। कुछ स्थानों पर बाउन्ड्रीवॉल बनाकर अवैध कब्जे किए गए थे। उपाध्यक्ष ने ले-आउट व सैटेलाइट इमेज से मिलान कराकर सभी अवैध कब्जे चिन्हित कर तत्काल हटवाने को कहा। इस पर पांच घंटे के अंदर कब्जे खाली करवा लिए गए। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त सचिव अर्जन सुशील प्रताप सिंह, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, तहसीलदार अमित त्रिपाठी व अधिशासी अभियंता अजीत कुमार की टीम गठित की गई है, जो स्थल का निरीक्षकण कर हफ्तेभर में रिपोर्ट देगी।