लखनऊ। एलडीए प्रवर्तन जोन एक की टीम ने सोमवार को गोमतीनगर विस्तार में लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही दो अवैध प्लाॅटिंग पर बुलडोजर चलाया। इसमें स्थल पर विकसित की गई सड़क, नाली, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस व बिजली के खंभों आदि को ध्वस्त किया गया।
जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि विष्णु तिवारी, शैलेंद्र मोहन श्रीवास्तव चंदियामऊ में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में ओम साईं सिटी नाम से अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। इसी तरह सीबी सिंह पम्मी नामक व्यक्ति चंदियामऊ में शालीमार वन वर्ल्ड के आगे लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाॅटिंग करा रहा था, जिसे ध्वस्त किया गया।