लखनऊ। वजीरगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को एलडीए के जालसाज बाबू पवन कुमार उर्फ पवन कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया। जालसाज एलडीए में कनिष्ट लिपिक के पद पर तैनात था। उसकी तैनाती प्राधिकरण के रजिस्ट्री विभाग में थी। उसने जमीन का कारोबार करने वालों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ वजीरगंज व गोमतीनगर में 13 केस दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज राज किशोर पांडेय की टीम ने मानसरोवर योजना सरोजनीनगर निवासी लखनऊ विकास प्राधिकरण के कनिष्ठ लिपिक पवन कुमार उर्फ पवन कुमार गौतम मूलरूप से गुरुबक्शगंज जिला रायबरेली का रहने वाला है। पवन के खिलाफ वजीरगंज थाने में 10 और गोमतीनगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पवन प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से जमीनों के खरीदार तलाश कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन रजिस्ट्री कर मोटी कमाई करता था। उन्होंने बताया कि दर्ज मुकदमों में पवन कुमार के अलावा कई अन्य जालसाज नामजद हैं और कई अज्ञात भी हैं।
विवेचना के बाद बढ़ाई गई थीं धाराएं
एलडीए में लंबे समय से तैनात पवन जमीन के खरीदारों को फर्जी कागजात बनाकर उन्हें बाकायदा रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचकर उनकी रजिस्ट्री करा देता था। पवन कुमार के खिलाफ दर्ज सभी 13 मुकदमों की जांच चल रही है और इन सभी केस में पवन कुमार पर जालसाजी की गंभीर धाराओं के साथ 120बी की धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस जालसाज द्वारा अब तक कितनी जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेची गई हैं और कितने की ठगी की है।