फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमले से भड़के वकीलों ने एसपी आफिस घेरा, बवाल

Thu, 08 Jan 2015 01:20 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार को साथी अधिवक्ता पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को वकील सड़क पर उतर आए। नाराज वकीलों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


अधिवक्ता आरोपियों की गिरफ्तारी व रामकोट थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एसपी ने कार्रवाई के लिए गुरुवार दोपहर तक का समय मांगा, इसके बाद वकील शांत हुए। जाम व प्रदर्शन के कारण राहगीरों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को खूबपुर निवासी अधिवक्ता अमित कुमार पाल पर गौशाला के निकट अवैध वसूली कर रहे दबंगों ने हमला किया था। मामले में अधिवक्ता ने आजाद आदि के खिलाफ रामकोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विज्ञापन


घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ता बुधवार दोपहर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवभान सिंह की अगुवाई में संतोषी मां मंदिर रोड पहुंचे। इसके बाद एसपी कार्यालय के निकट लालबाग व आंख अस्पताल मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार का गेट बंद कर जमकर नारेबाजी की।
Trending Videos

अधिवक्ताओं ने की गिरफ्तारी की मांग

अधिवक्ता रामकोट थानाध्यक्ष केके मिश्रा पर भी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन समाप्त करवाना चाहा लेकिन ये लोग एसपी राजेश कृष्ण को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

करीब दो घंटे बाद एसपी मौके पर पहुंचे। इस पर एक बार फिर अधिवक्ता नारेबाजी करने लगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही रामकोट थानाध्यक्ष पर कार्रवाई करने व पीड़ित अधिवक्ता व उसके परिवार की सुरक्षा का इंतजाम करने की गुहार लगाई।

एसपी ने अधिवक्ताओं को बताया कि गुरुवार 11 बजे तक हर हाल में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद अधिवक्ता माने।

प्रदर्शन करने वालों में पूर्र्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश त्रिपाठी, अधिवक्ता पूनम मिश्रा, रेशमा खातून, सुधीर शर्मा, सुधीर शुक्ला राना, जितेंद्र शुक्ला, राकेश अवस्थी, अभिनव मिश्रा, दिनेश मौर्य, अमित कुमार राठौर आदि मौजूद रहे। प्रदर्शन के चलते दो घंटे तक लालबाग-आंख अस्पताल मार्ग पर आवागमन ठप रहा। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई।

एसपी को किया शर्मिंदा

प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित अधिवक्ताओं में कुछ अधिवक्ता चूड़ियां व रबर बैंड लेकर वहां मौजूद थे। जैसे ही एसपी पहुंचे, प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ताओं ने एसपी को चूड़ियां दिखाना विरोध जताया। नारेबाजी कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि अगर सुरक्षा नहीं कर सकते तो चूड़ियां पहन लें।

बेंत देख भड़के अधिवक्ता
एसपी कार्यालय के निकट अधिवक्ता प्रदर्शन कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से वहां पुलिस बल तैनात था। इसी बीच करीब दर्जन भर जवान हाथों में बेंत लेकर वहां पहुंच गए। यह देख अधिवक्ता और भड़क गए।

अधिवक्ताओं का कहना था कि अगर पुलिस लाठीचार्ज करेगी तो वे प्रदर्शन को और तेज करेंगे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि अगर पुलिस जोर जबरदस्ती करेगी तो अधिवक्ता भी पुलिस को न्यायालय परिसर में नहीं आने देंगे।
विज्ञापन

नहीं करेंगे कोई काम

कार्यालय के निकट प्रदर्शन व एसपी कार्यालय के मुख्यद्वार का गेट बंद किए जाने की बात को लेकर एसपी राजेश कृष्ण ने नाराजगी जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बार अध्यक्ष देवभान सिंह से एसपी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान एसपी कार्यालय का गेट बंद करना और पुलिस के खिलाफ अभद्र नारेबाजी करना कानून के विरुद्ध हैं।

साथी अधिवक्ता अमित कुमार पाल के साथ हुई घटना को लेकर बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में एक बैठक बार सभागार में की गई। जिसमें प्रस्ताव पास किया गया कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, अधिवक्ता कार्य से विरत रहेंगे।

इसको लेकर 8 जनवरी को कार्य से विरत रहने की घोषणा की गई। यह भी कहा गया कि अगला निर्णय 8 जनवरी को 11 बजे होने वाली बैठक में लिया जाएगा। इसके अलावा सीतापुर टैक्स बार एसोसिएशन ने भी दो दिन का नो-वर्क घोषित किया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें