पारा थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों में हुई नोकझोंक।
लखनऊ। पारा में युवती से छेड़छाड़ व कारोबारी परिवार पर जानलेवा हमले के मामले में रविवार रात घर पर आरोपियों के न मिलने पर महिलाओं को पकड़कर थाने लाए जाने से नाराज वकीलों ने सोमवार दोपहर को पारा थाने का घेराव किया। इस दौरान वकीलों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। थोड़ी देर चले हंगामे के बाद वकील वापस लौट गए।
सूर्यनगर निवासी भवन निर्माण सामग्री के कारोबारी दीपक के घर के सामने शनिवार रात पदमन और बब्बन शराब पी रहे थे। युवती ने विरोध किया तो दबंगों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। बीच-बचाव करने आए कारोबारी के पिता से गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसके बाद दबंग अपने 15 साथियों के साथ लौटे और घर पर पथराव कर महिलाओं को लहूलुहान कर दिया। रात में मुकदमा दर्ज कराने के बाद जब परिवार घर लौट रहा था, तभी रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 50 लोगों ने कारोबारी पर दोबारा हमला कर दिया। हमले में कारोबारी दीपक के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने कुलदीप यादव, बब्बन यादव, शिवा ठाकुर, वीर यादव, उदयराज, अंशुल भारती, हिमांशु यादव, उदय यादव, कातिया यादव, पदमन यादव, नागेंद्र यादव और अंकित सिंह समेत 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने सोमवार को निजी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के परिजनों से मुलाकता की और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
पारा थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों में हुई नोकझोंक।
पारा थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों में हुई नोकझोंक।