गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित तुलसियानी अपार्टमेंट के सामने गोल्फ कोर्स की जमीन पर रविवार को वकीलों ने कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर वहां रहने वाले लोगों की उनसे झड़प हो गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो गया और वकील वापस लौट गए।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को गोल्फ कोर्स की जमीन पर कब्जे के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, जिसमें कई वकील भी शामिल थे। जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने के लिए वकीलों का झुंड निर्माण सामग्री लेकर आया था, तभी स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वकील उनसे भिड़ गए। इसी बीच मौके पर पुलिस ने निर्माण रोकवा दिया।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। आरोप है कि कब्जा करने आए लोगों ने हमला करने का प्रयास भी किया।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी ने बताया कि आरडब्ल्यूए के महामंत्री विनोद कुमार सिंह की तहरीर पर दस नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और कब्जा करने का केस दर्ज किया है। इनमें पुनीत पांडेय, मिथिलेश कुमार, ओम प्रकाश, अरुण शुक्ला, राहुल सिंह, आशुतोष माैर्य, अनुज यादव, रिषम चंद्रा, श्रीप्रकाश शुक्ला, ठेकेदार आमिर अली नामजद हैं।
लोगों को समझाती पुलिस।