लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में नेशनल ड्राफ्टिंग फेस्ट का आयोजन होगा। इसमें विधि के विद्यार्थियों को ड्राफ्टिंग स्किल्स, लीगल रिसर्च और वैकल्पिक विवाद समाधान की जानकारी दी जाएगी। सोमवार को विधि संकाय की एडीआर ड्राफ्टिंग व लिटरेसी समिति ने इसके पोस्टर का अनावरण किया। फेस्ट के लिए विद्यार्थी 11 फरवरी से 11 मार्च तक पंजीकरण कराएगा। इसके बाद आयोजन की तिथि तय की जाएगी।
संकाय के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. बीडी सिंह ने कहा कि फेस्ट में देशभर के विधि छात्र, शोधार्थी और विधि विशेषज्ञ भाग लेंगे। प्रतिभागियों को बिल ड्राफ्टिंग, कॉन्ट्रेक्ट ड्राफ्टिंग, जजमेंट लेखन, केस विश्लेषण और मेमोरियल ड्राफ्टिंग जैसे विधिक लेखन से जुड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर भी मिलेगा।
निदेशक प्रो. आरके सिंह ने बताया कि ड्राफ्टिंग फेस्ट विधि छात्रों को प्रैक्टिकल लीगल ड्राफ्टिंग और विवाद समाधान तकनीकों में दक्ष बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर पर एडीआर समिति की प्रेसीडेंट आरज़ू नायब और समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।