लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में दो दिनों से चल रहे छात्रों के बवाल के बाद शुक्रवार को पुलिस की गश्त के बीच विभागों में कक्षाएं चलीं। परिसर में दिनभर पुलिस मौजूद रही।
एक जगह पर छात्र एकत्रित न होने पाएं, इसके लिए पुलिसकर्मी उन्हें खदेड़ते दिखे। छात्रावासों के बाहर पीएसी तैनात रही। इस बीच छात्रावासों के छात्र गुटों में घूमते नजर आए। उधर, हसनगंज पुलिस ने हुड़दंग करने वाले पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को लविवि में छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें छात्रावास और विवि के अन्य छात्रों को गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, बृहस्पतिवार को उपद्रवियों के एक गुट ने बदले की नीयत से छात्रावास के छात्रों पर हमला कर दिया था, जिसमें चार को चोटें आईं। इसके विरोध में हॉस्टल के छात्रों ने दो घंटे धरना-प्रदर्शन किया था।
मामले को लेकर पुलिस ने आईटी कॉलेज से लेकर निशातगंज पुल तक कैमरों की फुटेज खंगाली। एफआईआर में नामजद आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी। इंस्पेक्टर डीके सिंह के मुताबिक पांच छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे छात्रों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन पर दो से ज्यादा केस हैं। इन पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई होगी।
प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि वे मामले पर नजर बनाए हैं। जांच समिति भी अपना काम कर रही है। जिन छात्रों की घटना में संलिप्तता मिलेगी, उन पर सख्त कार्रवाई करेंगे।