यूपी में छठे चरण के चुनाव का आज अंतिम दिन है। इन सीटों पर 12 मई को मतदान होंगे। इस चरण में मोदी और मुलायम जैसे कई दिग्गजों पर जनता फैसला करेगी।
विज्ञापन
प्रदेश में छठे व अंतिम चरण की 18 लोकसभा सीटों के लिए शाम छह बजे प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद उस क्षेत्र के वोटरों को छोड़कर बाकी सभी को निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होगा।
यहां पर 12 मई को वोट डाले जाएंगे। पूर्वांचल की 18 लोकसभा सीटों के लिए 328 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनीतिक दल कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहते हैं। इस कारण शनिवार को दिन भर सभी दलों के बड़े नेता कई-कई सभाएं कर रहे हैं।
राहुल का रोड शो
कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को वाराणसी में रोड शो करेंगे। भाजपा ने भी अंतिम दिन वाराणसी में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है।
मुलायम सिंह आजमगढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए यहां भी अंतिम दिन सपा पूरा जोर लगाएगी। वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि शनिवार शाम छह बजे प्रचार खत्म होने के बाद इन क्षेत्रों में मतदाताओं के अतिरिक्त जितने भी बाहरी लोग होंगे उन्हें क्षेत्र छोड़कर दूसरी जगह जाना होगा।
जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी होटल, लॉज, धर्मशालाओं व अन्य स्थानों पर सर्च ऑपरेशन भी चलाएंगे। बाहरी लोगों के मिलने पर उन्हें निर्वाचन क्षेत्र से बाहर किया जाएगा।
12 मई को डुमरियागंज, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर व रॉबर्ट्सगंज में मतदान होगा
इनकी प्रतिष्ठा है दांव पर नरेंद्र मोदी, अरविंद केजरीवाल, मुलायम सिंह यादव, अजय राय, योगी आदित्यनाथ, जगदंबिका पाल, माता प्रसाद पांडेय, रवि किशन, हर्षवर्द्धन, कलराज मिश्र, अतुल कुमार अंजान।
छठे चरण के चुनाव में पूर्वांचल की सीटें हैं। अगर वर्ष 2009 का लोकसभा चुनाव देखें तो इस चरण में सबसे ज्यादा सपा के पास छह व बसपा के पास पांच सीटें हैं। इसके बाद भाजपा के पास चार व कांग्रेस के पास तीन सीटें हैं।