एलएलबी और बीकॉम में दाखिले का आज अंतिम मौका
लविवि ने इन कोर्सों की खाली सीटों पर प्रवेश का दिया है अवसर
लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी ऑनर्स और बीकॉम की खाली सीटों पर दाखिले के लिए विकल्प भरने का सोमवार को अंतिम मौका होगा। 22 अगस्त को सीट आवंटन होगा। आवंटित अभ्यर्थियों को फीस जमा करने के लिए 22 से 26 अगस्त तक का समय दिया जाएगा। इस प्रकिया में वे अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं जो किन्हीं कारण से पहले दाखिला नहीं ले पाए थे।
अभ्यर्थियों की मांग पर लविवि ने बीकॉम की 108 और एलएलबी ऑनर्स की 20 सीटों पर दाखिले ऑफ कैंपस ऑनलाइन काउंसलिंग प्रणाली पर शुरू की है। अभ्यर्थियों को इसके लिए अपना ऑनलाइन पंजीकरण करके 200 रुपये पंजीकरण फीस और तीन हजार रुपये एडवांस फीस भी जमा करनी होगी। सीट आवंटन होने के बाद अगर अभ्यर्थी दाखिला नहीं लेगा तो फिर एडवांस फीस वापस नहीं की जाएगी। पंजीकरण के समय उन्हें अपनी 12वीं की मार्क्सशीट भी अपलोड करनी होगी। बीकॉम में ओपन कैटेगरी के 1-3500 रैंक, सामान्य ईडब्ल्यूएस के 1-6000 रैंक, ओबीसी के 1-1500 रैंक तथा एससी के 1-632 रैंक तक के अभ्यर्थियों को पंजीकरण का मौका दिया गया है। वहीं एलएलबी ऑनर्स में ओपन की 1-180 रैंक, ओबीसी के 1-75 रैंक और एससी के 1-65 रैंक तक के अभ्यर्थियों को पंजीकरण कराने के लिए कहा गया है।