मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रात: 10 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। इसमें इंटर पास 1000 मेधावियों को हर साल मुफ्त लैपटॉप देने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा फिल्म नीति में संशोधन और विधान मंडल सत्र बुलाने संबंधी जैसे प्रस्तावों को भी कैबिनेट की मंजूरी के लिए रखा जा सकता है।
सपा सरकार ने सत्ता में आते ही इंटर पास सभी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने का निर्णय किया था। इसके आधार पर 14 लाख से अधिक छात्रों को मुफ्त लैपटॉप बांटे गए। वित्तीय वर्ष 2014-15 में इस योजना को बंद करने का निर्णय कर लिया गया। मुफ्त लैपटॉप योजना बंद होने से सपा सरकार की किरकिरी हो रही है। इसलिए सरकार चाहती है कि अब हर साल इंटर पास करने वाले 500 मेधावी छात्रों और 500 मेधावी छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप बांटा जाए।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल सकती है। इसी तरह प्रदेश में सिनेमा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए फिल्म नीति में बदलाव संबंधी प्रस्ताव को भी रखा जा सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक 50 से 100 फीसदी प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग पर 100 से 150 करोड़ रुपये अनुदान देने संबंधी प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में रखा जा सकता है।