लखनऊ। राजधानी के सरकारी अस्पतालों में लैप्रोस्कोपी विधि से ऑपरेशन की सुविधा वाला सिविल दूसरा अस्पताल बन जाएगा। इसके लिए नई मशीन में आई खराबी को दूर कर लिया गया है। डॉक्टर भी प्रशिक्षण ले चुके हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि माह के अंत तक मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
लैप्रोस्कोपी विधि से ऑपरेशन की सुविधा अभी तक लोकबंधु अस्पताल में ही हैं। बलरामपुर, सिविल, बीआरडी महानगर समेत अन्य अस्पतालों में सामान्य विधि से ही ऑपरेशन होते हैं। अब सिविल अस्पताल को मिली लैप्रोस्कोपी मशीन को ठीक करा लिया गया है। सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, सरकारी फीस पर ऑपरेशन होंगे।
...यहां सर्जन का है इंतजार
ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय को मेडिकल कार्पोरेशन से करीब 13 लाख रुपये की लागत वाली मशीन मिलने वाली है। हालांकि, यहां लैप्रोस्कोपी विधि से ऑपरेशन में दक्ष कोई सर्जन ही नहीं है। ऐसे में मशीन आने के बाद भी मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह के मुताबिक, इसी हफ्ते मशीन मिल जाएगी। सर्जन की मांग भेजी जा रही है।