लखनऊ। एलडीए की सुल्तानपुर रोड पर विकसित हो रही वेलनेस सिटी योजना में जिन भूस्वामियों ने अभी तक लैंडपूलिंग नहीं की है, उनके लिए अच्छा मौका है। एलडीए मंगलवार से शनिवार तक योजना में आने वाले सभी गांवों के पंचायत भवनों में शिविर लगाएगा। जहां पर भूस्वामी लैंडपूलिंग करा सकेंगे।
एलडीए की ओएसडी पीसीएस अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि भूस्वामियों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है। शिविर में लैंडपूलिंग की पूरी कार्रवाई होगी। इससे किसानों को एलडीए के ऑफिस तक दौड़ नहीं लगानी होगी। शिविर के अलावा भूस्वामियोंं के घर-घर भी टीम जाएगी और यह लैंडपूलिंग के फायदों के बारे में बताएगी। जो भूस्वामी लैंडपूलिंग में नहीं आएंगे तो बाद में उनकी जमीन अधिग्रहित हो जाएगी। ऐसे में उनको चार गुना मुआवजा ही डीएम सर्किल रेट के आधार पर मिलेगा। योजना करीब 1200 एकड़ में विकसित की जा रही है। योजना में सात गांव बक्कास, मलूकपुर ढकवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा तथा मस्तेमऊ शामिल हैं।